header

पहलगाम: शांतिपूर्ण और सुंदर प्राकृतिक दृश्यों का प्रवेश द्वार


                      पहलगाम: शांतिपूर्ण और सुंदर प्राकृतिक दृश्यों का प्रवेश द्वार


शांत और खूबसूरत प्राकृतिक दृश्यों का प्रवेशद्वार पहलगाम
पहलगाम 
            
 यात्रा का छठा दिन शाम के 5 बज रहे थे। हमारा अगला पड़ाव पहलगाम था, जो शांतिपूर्ण  और सुंदर प्राकृतिक दृश्यों का प्रवेश द्वार है। यह गुलमर्ग से लगभग 145  किलोमीटर दूर यानी लगभग 4/5 घंटे का सफ़र तय करना था। इसलिए बिना समय बर्बाद किए हम पहलगाम की ओर चल पड़े। कश्मीर की शाम भी बेहद सुहावनी होती है। रास्ते के खूबसूरत नज़ारों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया था। इसी बीच, बातचीत में  हमने अपने ड्राइवर साहब से पहलगाम के बारे में जानना चाहा। उसके कुछ अंश यहां आपके  साथ साझा कर रहे हैं  
कश्मीरी भाषा में पहलगाम (पुहे-अल) का अर्थ है चरवाहों का गांव और कुछ अन्य लोक मान्यताओं के अनुसार, बैलगाम, जो इस स्थान पर नंदी की उपस्थिति का संकेत देता है। यहीं से पवित्र अमरनाथ गुफा तक जाने का रास्ता है। यह अनंतनाग ज़िले की मुख्य तहसील होने के अलावा, ज़िला मुख्यालय से 45 किलोमीटर दूर, झेलम नदी की एक सहायक नदी, लंबोदरी जिसे वर्तमान में लिद्दर के नाम से जाना जाता है, के तट पर स्थित है। 


पहलगाम में ऊंचे-ऊंचे पेड़ों के जंगल, झीलें, घास और फूलों के बड़े-बड़े मैदान हैं, यह चारों ओर से पहाड़ों से घिरा और नदी के किनारे बसा है, यहां का नजारा ऐसा लगता हैं मानो किसी कलाकार द्वारा बनाई गई खूबसूरत पेंटिंग हो।
रास्ते में हम पंपोर में रुके थे। यह जगह कश्मीरी कहवा, अखरोट, बादाम और कई सूखे मेवों के लिए प्रसिद्ध है। पंपोर में हमने कहवा नामक पेय पीया था। बहुत ही स्वादिष्ट पेय लगा। 


शांत और खूबसूरत प्राकृतिक दृश्यों का प्रवेशद्वार पहलगाम
कहवा 


रात करीब 9 बजे हम लोग पहलगाम पहुँचे। तेज़ बारिश और ठंडी हवाओं के कारण मौसम बहुत खराब हो गया था। ठंड ने सबकी हालत खराब कर दी। किसी तरह होटल पहुँचे। कमरे में आकर कंबल ओढ़ा और एक कप चाय पीने के बाद हमें थोड़ी राहत मिली।


                           

            अगले दिन सुबह करीब 8:30 बजे हमारी टेक्सी होटल आ गई थी। यहां दर्शनीय स्थलों की यात्रा के लिए स्थानीय टैक्सी लेनी पड़ती है। हमारे गाइड के अनुसार आज तीन बेहद खूबसूरत पर्यटन स्थलों पर जाने का कार्यक्रम तय हुआ।

A. अरु घाटी

B. बेताब घाटी 

C. चंदनवाड़ी

अरु घाटी अनंतनाग ज़िले का पर्यटन की दृष्टि से सबसे सुंदर और महत्वपूर्ण गांव है। यह पहलगाम से 12 किलोमीटर की दूरी पर लिद्दर नदी की सहायक नदी अरु के तट पर स्थित है। इस घाटी की ओर जाने वाली सड़क के दोनों ओर हरियाली और मनोरम दृश्यों ने हमें सम्मोहित सा कर दिया था। उस पर हल्की बारिश से प्रकृति  और जीवंत हो उठी थी। हम इन नज़ारों में खोए हुए थे और गाड़ी अपनी गति से चल रही थी। तभी गाइड की आवाज़ ने हमारी तंद्रा तोड़ी। वह एक जगह रुका और बोला कि यहीं चाय-नाश्ता कर लो, आगे कुछ नहीं मिलेगा।

यह घाटी लंबे हरे-भरे घास के मैदानों, देवदार, चीड़ और ओक के पेड़ों से ढके जंगलों के लिए प्रसिद्ध है। यहाँ घुड़सवारी और ट्रैकिंग का आनंद लिया जा सकता है। कोलाहोई ग्लेशियर, तरसर-मरसर झीलों और कटरीनाग घाटी के लिए ट्रेकर्स का यह बेस कैंप है। अगर आपके पास समय की कमी है, तो आप एक दिन में ग्रीन टॉप या बेस टॉप तक ट्रैकिंग का आनंद ले सकते हैं। यहां हमने घुड़सवारी, प्राकृतिक दृश्यों और फोटोग्राफी का भरपूर आनंद लिया। ये पल हमारे लिए यादगार बन गये। अब हम अपने अगले पर्यटन स्थल बेताब घाटी की ओर चल पड़े। रास्ते में भारी बारिश के कारण, हमारे ड्राइवर ने चंदनवाड़ी जाने का सुझाव दिया। और गाड़ी चंदनवाड़ी की ओर मोड़ दी। सड़क के दोनों ओर ऊंचे-ऊंचे पेड़ों की कतारें और पहाड़ों की सफ़ेद चोटियाँ यात्रा को बेहद रोमांचक बना रही थीं। रास्ते में हमें अमरनाथ यात्रा का बेस कैंप मिला। जहाँ से आगे पवित्र गुफा की यात्रा के लिए अनुमति और ज़रूरी दस्तावेज़ों की जाँच होती है। 

यात्रा सुखद थी, लेकिन बारिश के कारण ऐसा लग रहा था कि हमें गाड़ी में ही बैठे रहना होगा। हम प्राकृतिक दृश्यों का आनंद लेते हुए जा रहे थे। तभी ड्राइवर को मोबाइल पर खबर मिली कि चंदनवाड़ी में इस मौसम की पहली बर्फबारी हो रही है। इस खबर ने हमें एक नई ऊर्जा से भर दिया। हम सब जल्द से जल्द चंदनवाड़ी पहुंचना चाहते थे।  गाड़ी की गति भी अब बढ़ा दी थी। चंदनवाड़ी पहुंचते ही गाड़ी के विंडशील्ड पर रुई जैसे बर्फ की हल्के फुहारें गिरने लगी। यह देखकर हम सबका रोमांच बढ गया था। और जल्द से जल्द बर्फबारी का आनंद लेने के लिए सभी उत्साहित हो उठे।

 गाड़ी पार्क करते ही स्थानीय लोगों ने हमें घेर लिया। ये लोग बर्फ में चलने के लिए जूते और छाते किराए पर देते हैं। हमने भी सबके लिए ये चीज़ें ली और बर्फबारी का आनंद लेने के लिए मैदान की ओर चल पड़े। बर्फबारी ऐसी लग रही थी मानो आसमान से रूई के फाहे गिर रहे हों। बीच-बीच में छाता हटाने पर बर्फ़  बहुत लुभावनी लग रही थी। बर्फ का यह स्पर्श हमें अंदर तक गुदगुदा रहा था। सभी ने यहां खूब आनंद लिया। ऐसा लग रहा था मानो हमारी कश्मीर यात्रा पूरी तरह से सार्थक हो गई हो।


चंदनवाड़ी 


तेज़ हवाओं और बर्फबारी के कारण मौसम तेज़ी से बदल गया था। बढ़ती ठंड ने सभी को बुरी तरह ठिठुरने पर मजबूर कर दिया था। इसलिए, हवा से बचने के लिए हमें किसी सुरक्षित जगह पर जाना पड़ा। पास के एक होटल में पहुंचने पर हमें थोड़ी राहत महसूस हुई। समय बिताने के लिए हमने चाय और नाश्ता ऑर्डर  किया और होटल की खिड़की से बाहर बर्फबारी का आनंद लेने लगे। लगभग एक घंटा बिताने के बाद हम अपने अगले पड़ाव बेताब घाटी की ओर चल पड़े। ज़्यादातर जगहों पर बर्फबारी हो रही थी। बर्फ की सफ़ेद चादर ने पूरी घाटी को ढक लिया था। ऐसा लग रहा था मानो घाटी ने अपना रूप ही बदल लिया हो। पर्यटक रास्ते में कई जगहों पर रुककर इस प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले रहे थे। ऐसे में कई जगहें अनाधिकृत सेल्फी पॉइंट में बदल गई थीं। इससे ट्रैफिक जाम भी होने लगा था।

खैर, हम अपने अगले पड़ाव बेताब घाटी की ओर चल पड़े। घुमावदार और पहाड़ी रास्ते बेहद मनमोहक लग रहे थे। अब धीरे-धीरे बर्फबारी की जगह बारिश ने ले ली थी। तेज बारिश होने से पुरी वैली में हर तरफ पानी ही पानी भर गया था। किसी तरह हम बेताब वैली के मुख्य प्रवेशद्वार तक पहुंचे। हल्की-हल्की बारिश अभी भी जारी थी। ऐसे में हम सोच में पड़ गए कि वैली में अंदर जाये या वापस चल दे। तभी कुछ और पर्यटक भी आ गये थे। उनको देख हमने भी तय किया कि अब तो वैली घुम कर ही जायेंगे । टिकट खिड़की से सभी के टिकट लेकर वैली में प्रवेश किया। प्रवेशद्वार पर विशेष प्रकार की ट्रालीयां लेकर स्थानीय लोग खड़े थे। उनसे बातचीत कर सबके लिए ट्राली ली। यह हमारे  लिए एक नया अनुभव था।  वे लोग हम सब की ट्राली इस तरह चला रहे थे मानो एक ट्रेन हो। यहां कई देखने योग्य स्थान है। उनमें से ट्री हाउस सभी को बहुत पसंद आया। साथ ही जहां पर बेताब फिल्म का गाना रिकॉर्ड हुआ था। वह स्थान भी देखा। वैली में अधिकांश जगह पानी भरा होने के बावजूद सभी ने बहुत मजे किए। करीब दो घंटे के इस सफर में कई जगह फोटो शूट किए। सबसे खास जगह लगी लिद्दर नदी के किनारे बने हुए सेल्फी पाईंट पर यहां फोटोग्राफी का अपना ही मज़ा है। मौज मस्ती में समय का पता ही नहीं चला। खाने का समय भी हो गया । वापस पहलगाम पहुंच कर एक शुद्ध सात्विक शाकाहारी रेस्टोरेंट में भोजन किया और अपने होटल कि ओर चल दिये।  


बेताब वैली 

 

अगले दिन सुबह हम अपनी टेक्सी से पहलगाम के अन्य  पर्यटन स्थलों की सैर पर चल दिये। पहलगाम में ही लिद्दर नदी के किनारे बने सेल्फि पाईंट और आस पास का नजारा देखते ही बनता था। दो पहाड़ों के बीच से बहती नदी ऐसे लग रही थी  मानों कैनवास पर कोई सुंदर चित्रकला उकेरीं हो। प्रकृति के इस अद्भुत रुप को निहार कर मन प्रफुल्लित हो उठा। थोड़ा सा आगे जाने पर पहलगाम के मिनी स्वीटजरलैंड कहे जाने वाले पर्यटन स्थल बेसरन घाटी की ओर जाने वाला मार्ग था। यह बहुत आकर्षक स्थान है। मगर बारिश की वजह से रास्ता फिसलन और किचड़ भरा हो गया था। इस कारण हम वहां नहीं जा पाए। नदी के किनारे टेंट सीटी भी बहुत आकर्षक लग रही थी।   

                                              टेंट सीटी                   
                                                                                  

समय बहुत तेजी से बित रहा था दो दिन न जाने कब बीत गये। अब वापस श्रीनगर
के लिए प्रस्थान  करना था ।  रास्ते मे गणेश पोरा मे रुके थे। यहाँ पर भी बहुत से स्थान है ।  करीब शाम के 8.00 बजे श्रीनगर के डल झील मे पहले से बुक शिकारा  मे पहुचे ।  झील मे तैरती नाव और झिलमिलाती  लाइटे बहुत ही लुभावनी लग रही थी।  चलिए कल एयरपोर्ट पर मुलाकात होगी ।  
                                   

 

जय श्री कृष्ण 
 


Popular post