header

एक रोमांचक नेपाल की बजट यात्रा पार्ट-3


एक रोमांचक नेपाल की बजट यात्रा  पार्ट-3

          

हमारी एक रोमांचक नेपाल की बजट यात्रा के रूट चार्ट के अनुसार अगला पाइंट पोखरा था। खुबसूरत पहाड़ों और झील से घिरे शहर की अद्भुत सुंदरता बरबस ही अपनी ओर आकर्षित करती है। 


एक रोमांचक नेपाल की बजट यात्रा  पार्ट-3
गुप्तेश्वर महादेव, पोखरा 

 हमें सेतीबेणी से वापसी में शाम हो गई थी। रात संत जी के निवास पर ही रूके। अगले दिन सुबह जल्दी ही नेपाल के प्रसिद्ध शहर और झीलों की नगरी ..
पोखरा की ओर जाना था

दो दिन की मालुंगा यात्रा अविस्मरणीय रही। सुबह सभी लोग अगले सफर की तैयारी में लग गये थे। संत जी से मार्ग की सारी जानकारी प्राप्त करके हम अगला कार्यक्रम तय करने मे लगे थे। तभी ग्राम में एक जगह से चाय नाश्ते के लिये आमंत्रण आया। अतः आग्रह स्वीकार कर के सब उनके घर  गये। वहां हमारा बहुत ही आत्मिक स्वागत हुआ। 

करीब 9.30 बजे संत जी से विदा ले पोखरा कि ओर चल दिये। पहाड़ी मार्ग पर सडक नागिन सी बल खाती हुई , एक पहाड़ी से दुसरी पहाड़ी तक ,कभी उपर कभी नीचे बहुत ही रोमांचक लग रही थी। इन सब के बीच खुबसुरत नजारे सफर को और खुशनुमा बना रहे थे। हम लोग  कभी कभी रूक कर खुबसुरत दृश्यों को भी , चिरस्मृति में संजोने के लिये , अपने अपने मोबाइलों में कैद कर रहे थे। नेपाल यात्रा के हमारे अगले रूट चार्ट में जगत्रदेवी , गलकोट ,  कमलाती ,वालिंग ,पुतलीबाजार और फेदी खोला होते हुऐ पोखरा शहर था। करीब 98 किमी सिद्धार्थ राजमार्ग का सफर तय करके 1.00 बजे हम पोखरा पहुंचे। यहां पर भी संत जी की कृपा रही और एक परिचीत ने हमें शहर घूमने में मदद की। उन सज्जन के कारण ऐसा लगा ही नहीं की हम अपरिचित स्थान पर घूम रहे हैं। 

बस एक ही बात का अफसोस रहा कि काश ऐसे स्थान पर आने के लिये , कम से कम दो से तीन दिन होने ही चाहिये। इतनी खुबसुरत जगह आने पर जल्दी जाने का मन नहीं कर रहा था। यहां के मनमोहक दृश्य और बहुत से दर्शनीय स्थलों की सैर यादगार अनुभव रहा। और हां यहां से प्रसिद्ध तीर्थ स्थल मुक्तिनाथ जाने का भी मार्ग है। 


पोखरा के मुख्य पर्यटन स्थल :.     

 1.  फेवा लेक
2.   गुडे लेक
3.   बेगनास लेक
4.   मेंडी लेक
5.   रूपा लेक
6.   दिपांग् लेक
7.   नियुरेनी लेक
8.   खास्टे लेक
9.   पोखरा लेक
10.  डेविस फाल
11.   राम मंदिर
12.  भीमसेन मंदिर
13.  भद्रकाली मंदिर
14.  ढोर वाराही मंदिर
15.  श्री विंधेश्वरी मंदिर
16.  ताल बाराही मंदिर
17.  गुप्तेश्वर महादेव
18.  गुंबा मानेसट्री 
19.  श्री उरगेन छोलिंग बौद्ध मोनेसट्री 
20.   जंगचूब छोलिंग मोनेसट्री
21.    माटेपानी गुंबा
22.    पेमा  साक्य मोनेसट्री
          इंस्टीटयूट
23.    अन्नपूर्णा तितली म्युझियम 
24.    रीजनल म्युझियम 
25.    अन्तरराष्ट्रीय पर्वतीय म्युझियम
26.    गोरखा स्मारक म्युझियम 
27.    मितेरी पार्क
28.     चच्वी पार्क
29.     बसुंधरा पार्क
30.     होली पार्क
31.     पोखरा प्लेनेटेरियम एंड
          साईंस सेंटर 
          ( मिरर माजे हाऊस)
32.     वर्ल्ड पीस पगोड़ा
33.     तुतुंगा व्यूह पाईंट
34.     महेन्द्र गुफा
35.     चमेरे गुफा
36.     सेती नदी धाटी
37.     के आई सिंह पुल
38.     जि एन रेकी ध्यान केन्द्र


एक रोमांचक नेपाल की बजट यात्रा  पार्ट-3
ताल वाराही मंदिर, पोखरा 

इसके अतिरिक्त कई जगह माऊंटेनिंग व   रिवर राफ्टिंग के लिये भी कैप है। 

एक रोमांचक नेपाल की बजट यात्रा  पार्ट-3
पोखरा लेक, पोखरा

यहां पर   मनोरंजन और रोमांच का मिला जुला आनंद मिलता है। 

एक रोमांचक नेपाल की बजट यात्रा  पार्ट-3
पोखरा लेक बोटिंग पाइंट 

पोखरा  आने का सही समय:- 

 पोखरा में  दिसंबर और जनवरी में सबसे ज्यादा ठंड रहती है। और मई से अगस्त के माह तक बारिश का मौसम रहता है इसलिये सबसे अनुकुल समय मार्च-अप्रेल और सितंबर से नवम्बर 

पोखरा कैसे जाये:-

हवाई मार्ग :- पोखरा एयरपोर्ट है 

सडक मार्ग :-  काठमांडू से कार ,बस सेवा उपलब्ध 
यदि निजी वाहन से जा रहे है। तो बुटवल से सीधा मार्ग है। जगत्रदेवी वालिंग होते हुऐ।

गुप्तेश्वर महादेव घूमने के बाद .हमारे गाईड महोदय ने हाई-वे लिंक रोड पहुंचाकर बिदा ली। हम सबको दिन भर की भागदौड़ के बाद अब भुख सता रही थी। एक दो जगह होटलों में भी गये। किंतु नान वेज की वजह से बात नहीं बनी।  धीरे धीरे ठंड भी बढती जा रही थी। अत्यधिक थकान होने से खाना बनाने का भी मन नहीं कर रहा था। आखिर एक जगह शुद्ध शाकाहारी होटल मिल ही गई। 
खाना खाकर शाम करीब 6.30 बजे काठमांडू की ओर चले।  205 किमी का सफर था। उस पर बहुत ही व्यस्त राज मार्ग।  धीरे धीरे हमारी कार की रफ्तार बढने लगी थी फिर काठमांडू पहुंचने में 4/5 धंटे का समय तो लगेगा ही। 



एक रोमांचक नेपाल की बजट यात्रा  पार्ट-3
गुप्तेश्वर महादेव,पोखरा


रात 11.00 बजे काठमांडू से 10 किमी पहले एक ग्राम में मार्ग की जानकारी के लिये रूके । मगर कोई भी व्यक्ति नहीं मिला। अब असमंजस की स्थिती बन रही थी। किधर जायें कोई संकेतक भी नहीं लगा था। अंदाजन ही चल रहे थे। तभी एक सुनसान स्थान पर दो तीन लोग खडे मिले। हमने उनसे जानकारी लेने के लिये कार रोकी किंतु खतरे का अहसास होते ही कार की रफ्तार बढ़ानी दी। करीब 5 किमी चलने के बाद एक वाहन दिखाई दिया उसके सहारे काठमांडू पहुंचे। चलिये अगले अंक में काठमांडू की सैर करेगें।



                                                                                
                                                                                  जय श्री कृष्ण












एक रोमांचक नेपाल की बजट यात्रा पार्ट-2

                              राधे राधे मित्रों

आज हमारी एक रोमांचक नेपाल की बजट यात्रा पार्ट-2 की शुरूआत हो रही है। इस पार्ट मे हम यात्रा करेगें।........

 सेतीबेणी की जहां संसार की सबसे बडी शालीग्राम शिला है। 

 

एक रोमांचक नेपाल की बजट यात्रा पार्ट-2
सेतीबेणी, नेपाल 

मालुंगा नेपाल की पहाडीयों के बीच बसा हुआ है। चारों ओर हरियाली,ऊंचे ऊंचे पहाड और मैदानी इलाके में बस्ती, एक तरफ बहती हुई विशाल काली गण्डकी नदी, ऐसा लग रहा था कि , पोस्टर पर उतारी हुई कोई खुबसुरत पेंटिंग हो। कल आस पास के पर्यटन स्थलों पर घूमने गये थे। प्रकृति को इतने नजदीक से देख कर भाव विभोर हो गये।  शाम को संत जी के निवास पर कुछ धार्मिक परिचर्चा भी हुई। संत जी ने बताया कि यहां से थोडी दूरी पर सेतीबेणी नामक स्थान पर संसार की सबसे बडी शालीग्राम शिला है। कहते है कि इस नदी में ही कुछ इस तरह कि शिलाऐं मिलती है जिन पर स्वतः ही कि आकृति उभर आती है व और भी कुछ पहचान है जो कि कोई जानकार ही बता सकता है। खैर हम सब ने वहां जाने का मन बना लिया था। वैसे भी उस स्थान पर स्थानीय लोग ही ज्यादा जाते है। 

संत श्री शिवांश महाराज 

अगले दिन सुबह भोजन के बाद संत जी के साथ सेतीबेणी जाने का कार्यक्रम बना। हम लोग कार से 85 किमी दुर  हर्मिचौर की तरफ चल दिये। पहाड़ी व अधिकतर चढाई वाला मार्ग होने से करीब दो धंटे का वक्त लगा। हर्मिचौर में एक जल विधुत ईकाई है


हर्मिचौर बोट स्टाप


श्री शिवांस महाराज जी हमारा इतंजार कर रहे थे। वे स्वयंम ही डैम स्थल तक हमे लेने आये। महाराज जी से मिलकर बडी प्रसन्नता हुई। उनका निवास पास ही एक मंदिर में है।  यह मंदिर डैम स्थल से थोडा दुर जंगल के रास्ते पगडंडी वाले मार्ग पर है। शिवांस महाराज इस जगह अकेले ही रहते है। यहां तो दिन में भी दूर दूर तक कोई दिखाई नहीं दे रहा था। शायद भक्ति का मार्ग ही ऐसा है। सभी सांसारिक मोह बंधन से दुर रहकर एकांत में प्रभु अराधना करना।                                               

मंदिर जाने के लिये डैम के पास से ही रास्ता है। अतः हमने महाराज जी से डैम स्थल घूमाने का अनुरोध किया। इस पर उन्होने स्थानीय अधिकारी से इजाजत लेकर डैम दिखवाया।  डैम के आस पास का नजारा बहुत सुंदर था। 
शिवांस महाराज जी ने मंदिर में हम लोगों के लिये स्वल्पाहार का प्रबंध करवाया था। इस दौरान धार्मिक चर्चा भी हुई।  स्वामी जी ने आशिर्वाद स्वरूप हम सब को एक एक रूद्राक्ष और शालीग्राम जी दिये। जल्द ही यहां से विदा लेकर बोट- स्टाप की ओर चल दिये। सेती बेणी जाने के लिये मोटर बोट से तकरीबन 50 मिनट का समय लगता है। 


सेतीबेणी जल मार्ग, नेपाल 

दोंनो और बहुत ऊंची ऊंची पहाड़ियां बीच में जल मार्ग दुर से देखने पर लगेगा ही नहीं की आगे कोई मार्ग है। मोटर बोट अपनी रफ्तार से दौड़ रही थी। और उसका शोर भी पहाडीयों से प्रतिध्वनित होकर इतना ज्यादा हो रहा था। कि पास बैठे साथी की आवाज भी साफ नहीं सुन पा रहे थे। आखिर 50 मिनट का सफर थोडी असुविधा व रोमांच के साथ पुरा हुआ । बोट से उतरकर सेतीबेणी की ओर चल दिए।
छोटा सा गांव है। हम लोग इसकी मुख्य सडक जिसके दोनों ओर मकानों की श्रृंखला को पार करके शालीग्राम शिला के दर्शन करने गये। वास्तव में यह शिला  एक बडी सी चट्टान है। जिस पर स्यावभाविक रूप से बहुत सारे ओम उभरे है । 


विशाल शालिग्राम शिला,सेतीबेणी नेपाल

दर्शन कर हमें जल्द ही लौटना था। क्योंकि आखरी बोट के जाने का समय हो रहा था। यह पुरा सफर रोमांच से भरपुर था।

हम लोग करीब 9.00 बजे वापस मालुंगा आ पाये। यदि थोडा जल्दी आ जाते तो पोखरा के लिये चल देते। सभी लोग थक भी गये थे। अतः रूकना ही अच्छा रहा। चलिये नेपाल यात्रा पार्ट-3 में पुनः मुलाकात होगी। तब तक के लिये.......

                                                  ।। जय श्री कृष्ण ।।

एक रोमांचक नेपाल की बजट यात्रा

                         जय श्री कृष्ण     

एक रोमांचक बजट यात्रा


एक रोमांचक नेपाल की बजट यात्रा
पहाड़ों की सुबह


हमारे यहां गीता जयंती महोत्सव मनाया जाता है। इस महोत्सव में प्रति वर्ष एक संत के गीता जी पर प्रवचन होते है। इस कड़ी में नेपाल के संत श्री चैतन्य कृष्ण जी को आमंत्रित किया गया था। वे उज्जैन तक ट्रेन से पधारे थे। वहां से उन्हें लाने का सौभाग्य मुझे प्राप्त हुआ। रास्ते मे ज्ञान चर्चा के साथ नेपाल के बारे में भी बहुत कुछ जाना। 
महोत्सव के समापन पर संत जी हमें नेपाल आने के लिये आमंत्रित कर गये थे। 
सभी मित्रों के समक्ष नेपाल यात्रा का प्रस्ताव रखा गया। हम छः सदस्य तैयार हुऐ। सभी ने यात्रा के सभी पहलू पर विचार विमर्श किया। इसमें प्रमुख था। यात्रा मार्ग , वाहन , मार्ग में होने वाला व्यय , भोजन की व्यवस्था और किन किन जगहों पर रूकना है इत्यादि। अब सबसे मुख्य वह गाडी जिससे हमे यात्रा करनी थी। उसकी सर्विसिंग जरूरी थी । यह काम ड्राईवर भाई अंबाराम जी के जिम्मे किया गया। 

अगले दिन सुबह सामान गाडी में व्यवस्थित रखवाया। जिससे रास्ते में किसी तरह की परेशानी न हो। 11 बजे से सभी साथियों का इंतजार करते करते दोपहर करीब 2.30 बजे कहीं जाकर सफर शुरू हुआ। सभी में यात्रा का उत्साह चेहरे पर साफ झलक रहा था। 

हम लोग रात 8.00 बजे भोपाल पहुंचे। जनवरी महिने की रात्री में ठंड भी अच्छी खासी होती है। अतः रात भोपाल में माता जी के आश्रम में रूके। एक बडे से हाल में हम सब के रूकने की व्यवस्था कर दी गई थी। 
      

एक रोमांचक नेपाल की बजट यात्रा
माता जी का आश्रम, भोपाल 


बाहर कड़ाके की  ठंड पड रही थी। कमरे में जाते ही सकून मिला। रात बहुत अच्छी निकली। अगले दिन सुबह जल्दी तैयार होना था। सो ठंडे पानी से ही स्नान करना पडा। कंपकपाते तैयार हो रहे थे। तभी आश्रम के सेवाभावी भक्त चाय ले आये। ठंड में चाय मिल जाये तो समझो नव जीवन मिला हो। 
सुबह 6.00 बजे हमारा सफर पुनः शुरू हुआ । आज का लक्ष्य 500 किमी दूर चित्रकूट था। हाईवे पर आते ही स्पीड पकड़ी किंतु बाहर ठंड ज्यादा थी और कांच बंद करो तो विंड स्क्रीन पर धुंध छाने लगती थी। आखिर एक तरफ के कांच थोडे नीचे करने पड़े। सूर्य देव के भी दर्शन नहीं हो पा रहे थे। रूकते चलते शाम 7.30 बजे चित्रकूट में प्रवेश किया। सबसे पहला काम, ठहरने की जगह का इंतजाम करना और उसके लिये थोडे से प्रयास में ही एक धर्मशाला में जगह मिल गई थी। जरूरी सामान गाडी से उतरवा कर भोजन बनाने का काम शुरू किया। इसके लिये सभी सदस्य सहायता करवाते थे। इस तरह की मेरी पहली यात्रा थी। जो बहुत कुछ नया सिखा रही थी

चित्रकूट 


अगले दिन हम लोग चित्रकूट घूमने निकले। यह वही चित्रकूट है जहां प्रभु श्रीराम जी ने चौदह वर्षो के वनवास में कुछ समय यही विश्राम किया था। 


एक रोमांचक नेपाल की बजट यात्रा
नौका विहार, चित्रकूट 

मंदाकिनी नदी के दोनों ओर मंदिर बने है। नाव से सभी जगह दर्शन करने गये।



एक रोमांचक नेपाल की बजट यात्रा
विशाल हनुमान जी की प्रतिमा
 
राम घाट पर जहां श्री राम जी स्नान ध्यान करते थे।और इसी नदी के किनारे भरत मिलाप भी हुआ था। चित्रकूट के पास जंगल में सती अनुसूईया का भी मंदिर है।

एक रोमांचक नेपाल की बजट यात्रा
सती अनुसूईया मंदिर, चित्रकूट 

पास ही स्फटिक शीला पर मां सीता जी के चरण अंकित है।

एक रोमांचक नेपाल की बजट यात्रा
स्फटिक शिला पर मां सीता के चरण चिन्ह 

चित्रकूट के पास हनुमान धारा और अन्य बहुत से दर्शनीय स्थल है।किंतु समयाभाव के चलते खास खास जगह पर ही जा सके। शाम हो गई थी अतः रात यही पर रूके। दुसरे दिन सुबह जल्दी ही सफर पर चल दिये। वैसे तो हमारा लक्ष्य गोरखपुर था। किंतु प्रयाग राज में कुंभ महोत्सव चल रहा था। सो कुंभ स्नान के लिये सर्व सम्मति बन गई । 135 किमी का सफर तय कर सुबह करीब 9.00 बजे प्रयागराज स्थित कुंभ मेले में  पहुंचे। बहुत भीड भाड लगी थी। किसी तरह मेले क्षेत्र में एक परिचीत पंडे के टेंट तक पहुंचे।   

एक रोमांचक नेपाल की बजट यात्रा
त्रिवेणी संगम ,प्रयागराज 


अपना सामान टेंट मे रखकर नाव से त्रिवेणी संगम गये। संगम पर बहुत भीड भाड थी किंतु हमारे नाव वाले ने व्यवस्था करके स्नान ध्यान करवा दिया। वापसी तक वही नाव वाला हमारे साथ रहा।


एक रोमांचक नेपाल की बजट यात्रा
बड़े हनुमान जी, प्रयागराज 


वापस आकर एक संत के यहां चल रहे भंडारे में भोजन प्रसादी ग्रहण की। कुंभ मेला स्थल के नजदीक हनुमान जी का प्रसिद्ध पुरातन मंदिर है।

 दोपहर 3.00 बजे हम लोग गोरखपुर के लिये चल दिये। बहुत भीड भाड होने से जगह जगह ट्रेफिक जाम की स्थिती बनी हुई  थी। हमारी गाडी बहुत ही कम गति से आगे बढ पा रही थी। बहुत मुश्किल से हाई वे तक पहुंच पाये थे। हाई वे का हाल भी बहुत अच्छा नहीं था। बहुत लंबी लाईन लगी हुई थी। तकरीबन 3 धंटे में जाम से निजात पाई। शाम 7.00 बजे फिर गाडी ने स्पीड पकड़ी। गोरखपुर का सफर 300 किमी का था। इस सारी जद्दोजहद में सभी लोग थक गये थे। अतः पुनः तरोताजा होने के लिये कहीं थोडा विश्राम और एक अदद चाय की तलब सता रही थी। कुछ किमी चलने पर एक होटल पर रूके। थोडा सुस्ताने के बाद चाय का आनंद लेकर वापस अपने सफर पर चल दिये।

रात करीब 11.00 बजे धुंध बढने लगी थी। मगर कुछ दुरी तक का दिखाई दे रहा था। मैने अंबु भाई से पुछा कि रूके या चले। वे बोले जब तक चल सकते है। चलेगें। मगर समय के साथ हालात और खराब हो रहे थे। दृश्यता अब और कम हो गई थीगाडी के सभी साईड इंडिकेटर चालू करके चलना पडा।  ऐसे में सडक के एक किनारे पर मैने नजरे गडा रखी थी। डर था कहीं नीचे न उतर जाये।  रात 2.50 बजे कोहरा बहुत धना होने से मजबूरन एक होटल पर रूकना ही पडा।   कुछ देर रूक कर हालात के बारे में जानकारी ली। स्थानीय व्यक्ति ने सलाह दी धीरे धीरे जा सकते हो गोरखपुर  की दूरी 20 किमी  है। एक बार फिर हिम्मत करके चल दिये। अब बहुत ही सावधानी से व धीरे धीरे गाडी चला रहे थे। 
आखिर सुबह 5.00 बजे गुरू गोरखनाथ मंदिर के पास वाली धर्मशाला पहुंचे। किंतु  धर्मशाला में भीड थी और कोई कमरा न मिलने पर बरामदे मे ही समय गुजारना पडा।
सुबह 8.00 बजे सोनाली बार्डर की तरफ चल दिये।  रास्ते में हमने अपने नेपाली मित्र देबाशीश भाई को फोन कर दिया था।  उन्होने हमें सोनाली बार्डर पर मिलने का कहा।

एक रोमांचक नेपाल की बजट यात्रा
नेपाल प्रवेशद्वार, सोनाली बार्डर 

सोनाली बार्डर के एक ओर भारत व दुसरी ओर नेपाल का प्रवेश द्वार है। जिस देश में जाना हो वहां की कुछ कानूनी प्रक्रियाऐं पुर्ण करनी पड़ती है। हम लोगों ने नेपाल की सीमा पर पहुंच कर नेपाल का रोड टेक्स ,वहां की नंबर प्लेट व कुछ जरूरी खानापूर्ति करी। इस सब में हमें तीन धंटे का समय लगा साथ ही वहां की करेंसी एक्सचेंज करवाई ।और एक अति महत्वपूर्ण काम, एक मोबाईल चिप भी खरीद ली थी। बस एक और जरूरी औपचारिकता, रोड परमिट बनवाने के साथ ही पुरी हो गई।  हमारे मित्र देबाशीश भाई जी का विशेष आग्रह होने से उनके निवास स्थान तिलोत्तमा शहर में रूके। घर पर बहुत अच्छा सत्कार किया तथा उन्होने आगे के मार्ग के लिये हमें गाईड कर दिया।

एक रोमांचक नेपाल की बजट यात्रा
परममित्र देबाशीश भाई, तिलोत्तमा

तिलोत्तमा से करीब 2.00 बजे  चले। हमारा अगला शहर बुटवल था । भारत से नेपाल का प्रवेश द्वार बुटवल शहर है। यह  तिनाउ नदी के किनारे बसा बहुत खुबसुरत शहर है। यहां से नेपाल के कई प्रमुख शहरों तक पहुंचा जा सकता है।

एक रोमांचक नेपाल की बजट यात्रा
बुटवल शहर, नेपाल 

एक रोमांचक नेपाल की बजट यात्रा
सिध्दबाबा मंदिर,बुटवल नेपाल 

इस शहर के पास ही पहाड़ी पर बना सिद्ध बाबा का मंदिर प्रमुख आस्था का केंद्र है। अतः हमारी भी आस्था और प्रबल होने से मंदिर दर्शन को चल दिये। जैसा सुना था। वाकई पहाड़ी पर बना बहुत सुंदर मंदिर था। आईये आपको भी दर्शन करवा देते है। 


एक रोमांचक नेपाल की बजट यात्रा


एक रोमांचक नेपाल की बजट यात्रा
सिध्दबाबा मंदिर, बुटवल नेपाल 

मंदिर पहाड़ी पर स्थित होने से दर्शन करने में करीब दो धंटे लग गये। उपर  एकांत में शिव धुन सुन कर मन  बहुत प्रसन्न हुआ।

शाम के 4.00 बजने वाले थे। और आगे का सफर पुरी तरह पहाड़ी मार्ग का था। आज हम लोगो को मालुंगा ,काली गण्डकी मार्ग तक पहुंचना था।  पहाड़ों में नेटवर्क न मिलने से गूगल देव असहाय थे। अब तो स्थानीय लोगो से जानकारी लेकर ही चलना पड रहा था। मुख्य मार्ग की हालत भी कुछ ठीक नहीं थी। अभी कुछ दुर ही चले थे। कि चेक पाईंऐट आ गया था। गाडी के कागज और मार्ग परमिट चेक किया गया। चेक पोस्ट के आफिसर का व्यवहार बहुत अच्छा था। उन्होने ही हमें आगे के रास्ते की जानकारी दी। पहली बार पहाड़ों में सफर कर रहे थे। ऊंचे नीचे टेढ़े मेढे रास्ते और दोनों ओर बडे बडे पहाड दूर से देखने में लग रहा था अगले पहाड के बाद रास्ता कहीं खो गया हो। उस पर स्थानीय वाहन चालकों की स्पीड कभी कभी डरा देती थी। एक बात पहाड़ों की बहुत अच्छी लगी कम से कम कोहरे की समस्या नहीं आ रही थी। किसी तरह पता करते करते आखिर रात 10.00 बजे मालुंगा पहुंचे।
श्री चैतन्य कृष्ण जी हमारा इंतजार ही कर रहे थे। आपका घर मेन रोड के पास में था। अतः कोई परेशानी नहीं हुई।  रात संत श्री चैतन्य कृष्ण जी के निवास पर ही हम लोगों के रूकने की व्यवस्था की गई ।

एक रोमांचक नेपाल की बजट यात्रा
कालीगण्डकी नदी,मालुंगा नेपाल 

पहाड़ों की सुबह बहुत ही सुहावनी लग रही थी। ठंड के साथ सुर्य की किरणें, मानो हमें बुला रही हो ,यहां आओ प्रकृति के पास ,मैं अपने को रोक नही पाया जब तक सब तैयार होते बाहर का एक चक्कर लगा आया।  सुबह की ताजी हवा ने  मन प्रफुल्लित कर दिया था। हम सब संत श्री जी के साथ काली गण्डकी के किनारे स्थित मंदिर और शालीग्राम शिला के दर्शन के लिये चल दिये। नदी पर बने झुला पुल से पार करते वक्त बहुत डर लग रहा था। पुरा पुल ही हिल रहा था। आश्चर्य स्थानीय निवासी मोटर साईकिल से गुजर रहे थे। मालुंगा उत्तरवाहिनी काली गंडकी नदी के किनारे स्थित है। यह नेपाल की सबसे बडी नदी और सबसे लंबा मार्ग तय करती है।

एक रोमांचक नेपाल की बजट यात्रा
                                                कालीगण्डकी नदी पर बना झुला पुल


एक रोमांचक नेपाल की बजट यात्रा
शालिग्राम शिला, कालीगण्डकी,मालुंगा नेपाल 

काली गण्डकी नदी में स्व निर्मित ॐ चिन्ह के साथ शालीग्राम जी की मुर्तियां मिलती है। पास ही संत जी का एक आश्रम का कार्य होने वाला है । 

वहां पर भी गये।  संत जी ने नदी के पास बनने वाले इस आश्रम की रूपरेखा बताई। बहुत सुंदर जगह थी। एकांत ध्यान योग के लिये उत्तम स्थान।
हमें बताया गया कि कल हम लोग उस स्थान पर जायेंगें जहां विश्व की सबसे बडी शालीग्राम शिला है। आप सब भी अगले अंक में साथ रहियेगा। यह ब्लाग थोडा लंबा हो गया है

कल हमारी यात्रा सेतीबेणी और पोखरा शहर की ओर होगी ।

इसे भी देखें    khatu shyam ji 

                              क्रमशः--           


                                                                     जय श्री कृष्ण














  



   


  




Popular post